कछला में गोद भराई को जा रही कार पेड से टकराने से दस घायल, आठ रैफर
उझानी । कोतवाली क्षेत्र के गांव के समीप गोद भराई को जा रही कार अचानक पेड से जा टकराई जिससे कार में सवार दस लोग घायल हो गये वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस द्वारा उझानी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सको ने गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया वहीं चोटिल दो बच्चो का प्राथमिक उपचार किया ।

रविवार की दोपहर थाना सहसवान के ग्राम जामनी आसे नगला निवासी रामसरन अपने लड़के मुनेंद्र की गोद भराई करने रिश्तेदारों के साथ ईको कार द्वारा थाना कादरचौक के ग्राम बारी खेडा जा रहे थे वह कार द्वारा जैसे ही उझानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरौल के समीप पहुंचे तभी कार अनियंत्रित होकर पेड से टकरा गई जिससे कार में सवार लोग घायल हो गये और उनमें चीख पुकार मच गई । चीख पुकार की आवाज सुन खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर घटना की सूचना कछला चौकी पुलिस व एम्बुलेंस को दी । सूचना पर पहुंची कछला चौकी पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस द्वारा उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया । जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय आकाश पुत्र बंटी निवासी आसे नगला व बंटी (30) पुत्र रामचरन निवासी आसे नगला थाना सहसवान, रेखा (29) पत्नी राजाराम निवासी बादशाहबाद थाना सहसवान, उर्मिला (30) पत्नी अमर सिंह निवासी ग्राम जमनी थाना सहसवान, धनवती (45) पत्नी राम नारायण निवासी बादशाहबाद थाना सहसवान, संजय (35) पुत्र शिवराज निवासी ग्राम धुबिया थाना सहसवान, आशा देवी (26) पत्नी हरीओम निवासी ग्राम आसे नगला थाना सहसवान, मीरा देवी (35) पत्नी करण सिंह निवासी ग्राम आसे नगला थाना सहसवान को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रैफर कर दिया । वहीं राजाराम के चोटिल आठ वर्षीय बेटे नेत्रपाल व तीन वर्षीय मासूम बच्ची रागिन का प्राथमिक उपचार किया । बताया जाता है कार की पेड से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास खेतों में काम कर रहे लोग आवाज सुन दौड पड़े । पेड से टकराने के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई ।















































































