एनएसएस शिविर का हुआ समापन अन्तिम दिन स्वास्थ्य एवं योगा दिवस आयोजित
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की रानी लक्ष्मीबाई इकाई का पड़ौआ ग्राम में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आज समापन हो गया।अंतिम दिन स्वास्थ्य एवं योगा दिवस का आयोजन किया गया।

भीमराव अम्बेडकर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत पीजी कालेज कछला के प्राचार्य डॉ फैजान अहमद ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। स्वयसेविओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य वह अनमोल पूंजी है जिसके बल पर जीवन की प्रत्येक समस्याओं का सामना किया जा सकता है। डॉक्टर फैजान ने प्रख्यात दार्शनिक रूसो के चिंतन का हवाला देते हुए कहा कि जनसंख्या वृद्धि और औद्योगीकरण और यान्त्रिक विकास ने मानव के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न किया है। रूसो का कथन “प्रकृति की ओर लौटो” ही स्वस्थ का जीवन का आधार है। विशिष्ट अतिथि सिंचाई एवं बाढ़ खंड विभाग के अभियंता जयंती प्रसाद सुमन ने कहा कि शिक्षित समाज स्वास्थ्य को लेकर सचेत रहता है। रहन-सहन खान-पान में हुए बदलाव विभिन्न बीमारियों को जन्म दे रहे।अध्यक्षीय उद्बोधन में नोडल अधिकारी डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि संयमित जीवन,सुपाच्य पौष्टिक भोजन, शारीरिक श्रम एवं प्राकृतिक जीवन ही स्वस्थ रहने का मूल मंत्र है। कार्यक्रम का संचालन कुमारी सौम्या पाठक ने किया।

समापन समारोह में सेजल मिश्रा ने गीत प्रस्तुत किया। सोनी,सविता यादव,संजना,आंचल एवं निधि की टोली ने एकांकी, लोकगीत और लक्ष्य गीत को प्रस्तुत किया। सुहानी गुप्ता, एकता सक्सेना, दीक्षा सक्सेना,चंचल एवं सेजल वर्मा की टोली ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया।
समापन समारोह के पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ बबिता यादव के नेतृत्व में छात्राओं ने योग प्राणायाम और विभिन्न प्रकार के आसनों का अभ्यास किया।गोविन्द शर्मा ने अनुलोम विलोम, भस्त्रिका, कपालभाति और भ्रामरी का प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर बदायूँ क्लब के सदस्य सैय्यद इकबाल,अंशुल कुमार,राजेश कुमार,बलराम यादव, शिवानी, साक्षी, तृप्ति सिंह, मन्जू ,विनीता राठौर,वर्षा, दीप्ति सिंह आदि उपस्थित थे।















































































