बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरुक किया
आर्य कन्या इंटर कालेज में मनाया गया बालिका दिवस
बिल्सी। आज सोमवार को नगर के मुख्य बाजार स्थित आर्य कन्या इंटर कालेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ के तत्वावधान में आजादी का 75वां अमृत महोत्सव के तहत अन्तराष्ट्रीय बालिका दिवस पर छात्राओं को विभिन्न योजनाओं को लेकर जागरुक किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डा.देवेन्द्र सिह फौजदार ने कहा कि दुनियाभर में आज 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा वैश्विक समुदाय में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए इस दिन को मनाने का ऐलान किया गया था। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की भागीदारी और बराबरी को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके अधिकारों को लेकर समाज में जागरूकता लाना है। इस दिन महिलाओं के प्रति हो रहे लिंग आधारित चुनौतियों के प्रति भी जागरूक किया जाता है। 21वीं सदी में दुनियाभर में हर दिन कई महिलाओं को बाल विवाह, भेदभाव और हिंसा जैसी चीजों का सामना करना पड़ता है।
जूडिशियल अधिकारी श्रीमती आराधना ने छात्राओं को बताया कि 1995 में चीन में महिलाओं पर विश्व सम्मेलन में लड़कियों के अधिकारों को मान्यता देने के लिए पहली बार एक खाका तैयार किया गया था। बीजिंग डिक्लेरेशन एंड प्लेटफॉर्म फॉर एक्शन के मंच पर सभी उपस्थित देशों ने इसे सर्वसम्मति से अपनाया था। बाद में 18 दिसंबर 2011 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में घोषित किया। यानी 2012 से दुनियाभर में 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। इससे पहले सिविल जज एवं ग्राम न्यायाधिकारी संजय राज पाण्डेय और तहसीलदार करनवीर सिंह ने भी शासन और न्याय विभाग से जुड़ी विभिन्न जानकारी छात्राओं को दी। इस मौके पर नायब तहसीलदार मोहम्मद अजहर अन्सारी, प्रबंधक योगेंद्र पाल शर्मा, प्रशांत शर्मा, प्रधानाचार्या रानी जौहरी, हेमसिंह, रमेश शर्मा, हरिओम सिह, विनय कुमार, राकेश कुमार, नीतू यादव, राहुल शर्मा, पूजा राजपूत, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।














































































