बरेली। राज्य कर विभाग बरेली की अभिरक्षा से बिना अनुमति माल समेत निकाली गई बस को कैंट पुलिस और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने करीब सात घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बस में करीब 11 लाख रुपये कीमत के खिलौने और सर्किट बोर्ड लदे थे। पुलिस के मुताबिक बस चालक मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, तीन सितंबर को वाहन संख्या UP81DT-2690 को राज्य कर विभाग ने जांच के लिए डिटेन कर विभागीय अभिरक्षा में रखा था। जांच के दौरान बस में बिना वैध प्रपत्रों के करीब 11 लाख रुपये कीमत के खिलौने और सर्किट बोर्ड पाए गए थे। इस पर विभाग की ओर से 3,05,842 रुपये की राजस्व मांग सृजित की गई थी और आगे की कार्रवाई लंबित थी।पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की तड़के करीब 3:22 बजे चालक दानिश अली ने बस स्वामी फहीम अहमद के साथ मिलकर बिना विभागीय अनुमति या रिलीज आदेश के बस को माल समेत विभागीय परिसर से बाहर निकाल लिया और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कैंट पुलिस और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। लगातार तलाश के बाद संयुक्त टीम ने बस को पीलीभीत रोड स्थित रिठौरा टोल से करीब 200 मीटर पहले बरामद कर लिया। बस में लदा खिलौने और सर्किट बोर्ड का माल भी सुरक्षित मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले चालक बस छोड़कर फरार हो गया। मामले में थाना कैंट में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजीव पटेल को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार मामले में फहीम अहमद निवासी जगतपुरी, ईस्ट दिल्ली और वर्तमान निवासी जमालपुर, अलीगढ़ तथा दानिश अली निवासी गंगवार, अमरोहा को अभियुक्त बनाया गया है। दोनों का इस मामले में दर्ज मुकदमा ही उपलब्ध आपराधिक इतिहास बताया गया है। बरामदगी: बस संख्या UP81DT-2690 तथा करीब 11 लाख रुपये कीमत के खिलौने व सर्किट बोर्ड। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, राज्य कर विभाग की सचल दल इकाई की एसी दीप्ति सिंह व उनकी टीम, उपनिरीक्षक राजीव पटेल, कांस्टेबल रोहित राणा और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।