राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई की स्वयंसेवी छात्राओ ने धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
सभी शिक्षकों को टीका लगाकर सम्मान कर उनके प्रति व्यक्त किए अपने उदगार
बदायूं। आज गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई के तत्वावधान में कार्यक्रम अधिकारी असि०प्रोफेसर सरला देवी चक्रवर्ती के निर्देशन एवं नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बहुत ही हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ०गार्गी बुलबुल की अध्यक्षता में माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्वलित कर व सर्वपल्ली डॉ० राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्वयंसेविका कु०पलक वर्मा ने सभी शिक्षकों का अभिवादन करते हुए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे शिक्षक हमें शैक्षणिक दृष्टी से तो बेहतर बनाते ही हैं साथ ही हमारे ज्ञान, विश्वास स्तर को बढ़ाकर नैतिक रुप से भी हमें अच्छा बनाते है। जीवन में अच्छा करने के लिये वह हमें हर असंभव कार्य को संभव करने की प्रेरणा देते हैं। स्वयंसेविका कु० मेघा पटेल,पूनम यादव, व राजकुमारी ने कहा कि हमारे जीवन में माता-पिता से ज्यादा शिक्षक की भूमिका होती है क्योंकि वो हमें सफलता की ओर मोढ़ते हैं। स्वयंसेविकाओं ने सभी शिक्षकों का रोली व चंदन का टीका लगाकर ,तुलसी का पौधा, पुष्प व कार्ड देकर सम्मान किया। प्राचार्या,डॉ गार्गी बुलबुल, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी असिस्टेंट प्रोफेसर सरला देवी चक्रवर्ती, डॉ ममता वर्मा,डॉ इति अधिकारी व उपस्थित सभी शिक्षिकाओं ने अपने आशीर्वचनो से जीवन मे नित नई सफलताओ को प्राप्त करने, दृढ़ संकल्प के साथ कठोर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेविकाओं कु० पल्लवी देवी, मेघा पटेल, साक्षी पटेल, राजकुमारी, पूनम यादव,नैंसी, शिवांगी, काजल, ज्योती, दीप्ती सक्सेना,कीर्ति,प्रियंका आदि सभी ने मोहक सांकृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुति द्वारा सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। अंत मे सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम अधिकारी सरला चक्रवर्ती ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।















































































