उझानी। पैगंबर हज़रत मुहम्मद सलल्लाह हो अलैह वसल्लम की 1501वीं यौमे पैदाइश के अवसर पर 12 रबीउल अव्वल जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। इस जुलूस में हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए ।अकीदतमंद सुबह से ही जामा मस्जिद पहुंचे और नात-ओ-कसीदे पढ़ते हुए विभिन्न गलियों तथा सड़कों से होते हुए जुलूस में शामिल हुए। नगर में जगह-जगह स्वागत और लंगर का आयोजन किया गया। लोगों ने गुलाब के फूलों की वर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। जुलूस के दौरान हल्की फुल्की बारिश भी हुई, लेकिन यह रुका नहीं अकीदतमंदों ने उत्साहपूर्वक जुलूस जारी रखा। नगर की हजारों मीटर गलियों और सड़कों को झालरों, लाइटों, झूमरों, रंगीन बल्बों और इस्लामी झंडों से सजाया गया था। शहर की सभी मस्जिदें भी विशेष रूप से सजाई गई थीं, जिससे पूरा नगर रोशनी से जगमगा उठा। जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान ‘नारे तकबीर अल्लाह हु अकबर’, ‘सरकार आमद मरहबा’, ‘नबी की आमद मरहबा’ और ‘मदनी की आमद मरहबा’ जैसे नारे पूरे नगर में गूंजते रहे। सुन्नी समुदाय की मान्यता के अनुसार, 12 रबीउल अव्वल को पैगंबर मोहम्मद का जन्म हुआ था। इसी उपलक्ष्य में दुनिया भर के मुसलमान ईद मिलादुन्नबी (या मिलाद-उन-नबी) का त्यौहार मनाते हैं। जुलूस के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध राहुल कुमार, महिला उपनिरीक्षक भारती सिंह और थाने की पुलिस टीम के साथ पी ए सी के जवान भी मौके पर मौजूद रहे ।