भोलाधाम गणेश पंडाल में भगवान गणेश के जन्म की कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, झांकी ने मोहा मन
बदायूं। श्री गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में भोला धाम में चल रहे विशाल गणेश महोत्सव के तृतीय दिवस कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कथा को आगे बढ़ाते हुए साध्वी मनु प्रिया जी ने भगवान गणेश के जन्म की कथा का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान गणेश की महिमा का बखान सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। साध्वी मनु प्रिया जी ने कहा कि भगवान गणेश का प्राकट्य तीनों लोकों में व्याप्त दुष्ट एवं आततायी शक्तियों के आतंक को समाप्त करने तथा धर्म की स्थापना के लिए हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश ने अपने जीवन में कठोर संघर्ष किया और अपनी कार्यकुशलता, व्यवहार तथा विभिन्न गुणों के माध्यम से सभी देवी-देवताओं में अलग पहचान बनाई। भगवान गणेश को आदि गणेश के रूप में भी जाना जाता है।उन्होंने कथा सुनाते हुए बताया कि माता पार्वती ने अपनी माया से भगवान गणेश को उत्पन्न कर अपने आवास के बाहर द्वारपाल के रूप में नियुक्त किया और उन्हें आदेश दिया कि उनकी अनुमति के बिना किसी को भी अंदर प्रवेश न करने दिया जाए। इसी दौरान भगवान शिव वहां पहुंचे। बालक गणेश ने माता की आज्ञा का पालन करते हुए भगवान शिव को अंदर जाने से रोक दिया, जिससे भगवान शिव क्रोधित हो गए और उन्होंने गणेश का सिर काट दिया। माता पार्वती के आग्रह पर भगवान शिव ने अपने गणों को आदेश दिया कि जो पहला जीव दिखाई दे, उसका सिर लेकर आएं। गणों द्वारा गज का सिर लाने के बाद भगवान शिव ने उसे गणेश जी के धड़ पर स्थापित कर उन्हें पुनः जीवन प्रदान किया। भगवान शिव ने गणेश जी को अपने पुत्र के रूप में स्वीकार करते हुए उन्हें तीनों लोकों में सर्वश्रेष्ठ होने का आशीर्वाद दिया।
कथा के अवसर पर श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से भगवान गणेश के जन्म की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, दीपमाला गोयल, प्रतीश गुप्ता, सीमा राठौर, सरोज यादव, पूजा राठौर, अंजलि राठौर, कृष्णा कश्यप, राजकुमारी गुप्ता, अनीता गुप्ता, रामेश्वर दयाल, केशवनाथ वैश्य, राकेश गुलाटी, आशु गुप्ता, संतोष गुप्ता, मनोज गुप्ता, राहुल राठौर, अवनेश साहू, मुदित, सूर्य प्रताप सिंह, कामेश पाठक आदि मौजूद रहे। संस्था की ओर से यह जानकारी मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने दी।
















































































