उझानी। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में पूर्व राज्यमंत्री विमिल कृष्ण अग्रवाल की माता स्व. संतोष कुमारी अग्रवाल की 18वीं पुण्यतिथि पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. संतोष कुमारी अग्रवाल के चित्र पर चेयरपर्सन पूनम अग्रवाल, निदेशक निलांशु अग्रवाल एवं निदेशिका नंदिता अग्रवाल ने माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती उषा खरे ने शांतिपाठ का वाचन किया। वहीं संचालिका श्रीमती अंशु वर्मा ने स्व. संतोष कुमारी अग्रवाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके जीवन मूल्यों को याद किया। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ की स्मृति के अंतर्गत स्व. संतोष कुमारी अग्रवाल की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए निदेशक निलांशु अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार मां जीवनभर अपने बच्चों को स्नेह, संरक्षण और सुख देती रहती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन को प्राणवायु, छाया और स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट, उपप्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा, शशि शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।