बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई हादसे का शिकार हो गए। पीछे से अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के बाद अनियंत्रित बाइक सामने खड़े सांड से जा टकराई। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटे भाई का उपचार चल रहा है।फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी निवासी 30 वर्षीय इमरान अपने 20 वर्षीय छोटे भाई उस्मान के साथ बुधवार सुबह मोटरसाइकिल से बिसलपुर चौराहे के पास स्थित आरा मशीन पर काम करने जा रहा था। दोनों भाई अटा कायस्थान के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर सामने खड़े सांड से जा भिड़ी। हादसे में इमरान और उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने इमरान को मृत घोषित कर दिया। घायल उस्मान का उपचार चल रहा है। इमरान की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।