बदायूं। वी किड्स स्कूल में सोमवार को गणेशोत्सव के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की स्थापना श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सौम्या गुप्ता ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को पुष्प अर्पित किए, दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी तथा भोग लगाया। इसके बाद विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से गणपति जी की आरती की।पूजा-अर्चना के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरा विद्यालय परिसर ‘गणपति बाप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। बच्चों ने भक्ति गीतों का आनंद लेते हुए उत्साहपूर्वक भगवान गणेश का स्वागत किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं सभी बच्चों को बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। प्रधानाचार्या सौम्या गुप्ता ने सभी को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और सद्बुद्धि की कामना की।