बदायूं। आवास विकास स्थित द ब्लॉसम्स स्कूल में गणेश चतुर्थी एवं हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आर्ट एवं क्राफ्ट मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं।कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने पेपर प्लेट, पेपर ग्लास, चार्ट पेपर तथा पेड़-पौधों की पत्तियों का प्रयोग कर भगवान गणपति की सुंदर एवं मनमोहक आकृतियां बनाईं। वहीं कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए पेपर प्रिंट पर भगवान गजानन के चित्रों में रंग भरकर अपनी कला प्रतिभा दिखाई। विद्यालय की प्रार्थना सभा में शिक्षिकाओं ने भगवान गणेश के भजन एवं स्तुति प्रस्तुत की।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन सोलंकी ने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने हिंदी में रचनाएं करने वाले महान कवियों एवं रचनाकारों के साहित्यिक योगदान से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया।कार्यक्रम का संचालन स्नेहा यादव एवं वाणी राठौर ने किया। आर्ट एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की व्यवस्था गुंजन वर्मा, सीमा गुप्ता, रानी एवं पारुल यादव ने की। विद्यार्थियों के अनुशासन तथा हिंदी दिवस से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सोनम आर्य एवं खुशबू बघेल ने संभाली। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।