राजकीय महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस, युवाओं को हिंदी अपनाने का आह्वान
बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में हिंदी साहित्य परिषद के तत्वावधान में हिंदी दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय महिला महाविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. वंदना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने की तथा संचालन हिंदी साहित्य परिषद के संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया।मुख्य अतिथि डॉ. वंदना ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की संवाहिका है। हिंदी साहित्य का इतिहास भक्तिकाल के सूर, तुलसी और कबीर से लेकर आधुनिक काल के प्रेमचंद एवं महादेवी वर्मा तक अत्यंत समृद्ध रहा है। आज हिंदी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही है, लेकिन इसे तकनीक और रोजगार की भाषा बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंदी का भविष्य तभी सशक्त होगा, जब युवा पीढ़ी इसे गर्व के साथ अपनाएगी।इस अवसर पर छात्र जुबैर मिर्जा वेग ने कविता के माध्यम से हिंदी के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। उन्होंने कहा—
मानव के दिलो मन की मधुर, मुस्कान है हिंदी,
भारत की पावन धरती का, अभिमान है हिंदी।
गंगा की निर्मल धारा सा, पावन है इसका नीर,
हर भारतवासी के दिल का, अरमान है हिंदी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि हिंदी हमारी अस्मिता का प्रतीक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में हिंदी को जो स्थान मिला है, वह स्वागत योग्य है। विद्यार्थियों को हिंदी में चिंतन, मनन और सृजन करना चाहिए। शिक्षकों का भी दायित्व है कि वे मातृभाषा के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभाएं।डॉ. राजधन एवं डॉ. सतीश सिंह यादव ने कहा कि बाजारवाद के दौर में हिंदी को अपनी मौलिकता बनाए रखनी होगी। वहीं डॉ. संजीव राठौर ने हिंदी की वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया ने हिंदी को नया कलेवर दिया है और इसके प्रसार के लिए नए अवसर भी उपलब्ध कराए हैं।कार्यक्रम में डॉ. सारिका शर्मा, डॉ. ज्योति बिश्नोई, डॉ. सरिता यादव, डॉ. दिनेश कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में हिंदी साहित्य परिषद के संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
















































































