बाबा इंटरनेशनल स्कूल में हिंदी दिवस पर गूंजा हिंदी का गौरव, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक व कवि सम्मेलन से बांधा समां
बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, प्रेम एवं गौरव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी प्रार्थना के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, समृद्ध विरासत और भारतीय संस्कृति में उसके योगदान को प्रस्तुत किया।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं, भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने वाली समृद्ध भाषा है। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में शुद्ध एवं प्रभावशाली हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से मातृभाषा के सम्मान और हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, देशप्रेम, संस्कार, प्रकृति और राष्ट्र की विविधता जैसे विषयों पर स्वरचित एवं प्रसिद्ध कविताओं की सुंदर प्रस्तुतियां दीं।
हिंदी सुलेख प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कक्षा एक से अरनिवा यादव, कक्षा दो से आदर्श, कक्षा तीन से कृतिका यादव, कक्षा चार से वेद यादव, कक्षा पांच से नन्दनी, कक्षा छह से लक्ष्मी, कक्षा सात से उन्नति शंखधार, कक्षा आठ से नित्या शर्मा तथा कक्षा दस से भक्ति वार्ष्णेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें अपनी भाषा, संस्कृति और विरासत के महत्व से परिचित कराना है। उन्होंने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, शुद्ध उच्चारण और सुंदर लेखन के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि हिंदी हमारे भावों की वाहिका, संस्कृति और जीवनशैली है। केवल हिंदी दिवस पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष बोलचाल, लेखन और अन्य कार्यों में हिंदी का प्रयोग किया जाना चाहिए। विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
















































































