बदायूँ। ग्राम गुरुपुरी विनायक में श्री सिद्धिविनायक गणेश सेवा समिति के तत्वावधान में षष्ठम गणेश महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। गणेश महोत्सव के तहत आयोजित गणेश कथा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कथा के शुभारंभ से पूर्व ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों ने भाग लिया।कलश यात्रा में ग्राम के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्री गणेश के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। समिति के सदस्यों ने बताया कि ग्राम गुरुपुरी विनायक में प्रत्येक वर्ष गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी सर्व समाज और ग्रामवासियों के सहयोग से महोत्सव को भव्य रूप दिया जा रहा है। गणेश कथा का श्रवण कराने के लिए वृंदावन से पूज्य श्री चेतन देव पाठक जी एवं पूज्य दीदी व्रजकिशोरी जी पधारे हैं। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्री गणेश की महिमा का श्रवण कर रहे हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेश कथा का समापन 21 सितंबर 2026 को होगा। इसके अगले दिन 22 सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम को सफल बनाने में भगवानदास, विशेष, पोतीराम, वीरेंद्र, जयकिशन और अंकित पटेल सहित समिति के सदस्यों तथा समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहा। समिति ने कहा कि ग्रामवासियों और सर्व समाज के सहयोग से ही यह आयोजन निरंतर सफल होता आया है। समिति ने भगवान श्री गणेश से सभी पर कृपा बनाए रखने की कामना की।