बरेली। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष मनोज सागर के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर बीजेपी नेता सचिन कश्यप के परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। ज्ञापन में मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। साथ ही हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की मांग उठाई गई। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि 28 अगस्त को सुभाषनगर थाना क्षेत्र के वंशीनगला मढ़ीनाथ निवासी बीजेपी नेता सचिन कश्यप की हत्या कर दी गई थी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ परिवार को आर्थिक मदद और रोजगार दिया जाए। मांगें जल्द पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। बाद में कहा कि बीजेपी नेता की हत्या होने के बाद से अभीतक कोई बीजेपी का नेता परिवार से मिलने नहीं पहुंचा परिवार में इस बात को लेकर नाराजगी भी है।