बदायूं। बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की मृत्यु और 19 लोगों के घायल होने से पूरे जिले में शोक की लहर है। हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का दुख बांटने के लिए समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव की ओर से उनके निजी सचिव अनिल गोस्वामी मंगलवार को कछला घाट पहुंचे। उन्होंने हादसे में दिवंगत श्रद्धालुओं की अंत्येष्टि में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। अनिल गोस्वामी ने सांसद आदित्य यादव की ओर से मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद हृदयविदारक है और एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौत से पूरा बदायूं स्तब्ध है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में सांसद आदित्य यादव और पूरा समाजवादी परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। कछला घाट पर दिवंगत श्रद्धालुओं की अंत्येष्टि के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी।