बरेली। भगवान परशुराम धाम पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा बरेली महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शारदा मिश्रा, अंजू अग्निहोत्री, सुषमा दीक्षित और निम्मी शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित करके किया। मेले में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इसके बाद गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा। मेले में महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक सजावटी वस्तुओं, खान-पान, श्रृंगार सामग्री और परिधानों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। फैंसी ड्रेस में देव बाजपेई प्रथम, मिसिका मिश्रा द्वितीय और वासु बाजपेई तृतीय रहे। नृत्य में आद्या श्री प्रथम, मिसिका मिश्रा द्वितीय और प्रीति बाजपेई तृतीय रहीं। गायन प्रतियोगिता में पीयूष शुक्ला और वीरभान शर्मा ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन मंशा मिश्रा और डॉ. निशा शर्मा ने किया। इस दौरान आभा तिवारी, सुरेंद्र पाण्डेय, त्रिभुवन शर्मा, गजेंद्र पाण्डेय, महेश पाठक, कौशल सारस्वत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।