निर्माणाधीन पानी की टंकी का जीना गिरा, मजदूर की मौत, एक गंभीर
बरेली। शाही तहसील मीरगंज क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक का जीना अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे टंकी पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान जीना अचानक ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला।
हादसे में 20 वर्षीय वरुण पुत्र डोरीलाल की मौत हो गई। वहीं कुडरिया खुर्द निवासी 40 वर्षीय राजेश पुरी पुत्र हेतराम पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। ठेकेदार की ओर से दोनों को एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल का उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि तेज हवा चलने के दौरान टंकी में कंपन महसूस होता है। इससे पहले भी वे निर्माण की गुणवत्ता को लेकर चिंता जता चुके हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में घर-घर पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से 22 फरवरी 2023 से टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत एनसीसी लिमिटेड के माध्यम से ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अभी तक उन्हें नियमित पेयजल सुविधा नहीं मिल सकी है।हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण की तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव के प्रधान महेंद्र पाल वर्मा सहित प्रेमशंकर, अमित, रामप्रकाश, अनुज, मोहित और रामचरनलाल ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
मीरगंज की एसडीएम निधि शुक्ला ने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच होगी। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















































































