बाढ़ प्रभावित गांवों में पानी में उतरकर पहुंचे विधायक बब्बू भैया, बोले- आधी रात भी जरूरत पड़े तो मुझे कॉल करे
दातागंज (बदायूं)। रामगंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने मंगलवार को विकासखंड दातागंज के रामगंगा से सटे बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील तटीय क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और पानी में उतरकर जमीनी हालात देखे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने नगरिया खनू सहित रामगंगा नदी से सटे कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव, फसलों को हुए नुकसान तथा ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं।
विधायक ने ग्रामीणों को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें आधी रात को भी सीधे कॉल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय ग्रामीण किसी भी तरह की परेशानी महसूस न करें और तत्काल सूचना दें, ताकि उनकी सहायता के लिए टीम को मौके पर भेजा जा सके।
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, राजस्व विभाग की टीमों और गोताखोर दल को विधायक ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित गांवों में पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता, गोताखोरों की चौबीसों घंटे सक्रिय तैनाती तथा आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने राहत शिविरों में शुद्ध पेयजल, सूखा राशन, दवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कैंप करने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव की जानकारी ग्रामीणों तक समय से पहुंचाई जाए, जिससे किसी भी संभावित खतरे से पहले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर विधानसभा संयोजक विजय कुमार सिंह (पालू भैया), नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पति अनूप गुप्ता, रत्नाकर सिंह, अरुण कुमार सिंह, सुखपाल सिंह नगरिया खनू, नामित सभासद अंशुल सागर सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, राजस्व कर्मी, गोताखोर दल एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
















































































