बदायूँ। माझिया-बुधवई रोड स्थित श्याम कुंज लाइब्रेरी एंड हॉस्टल के प्रांगण में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में लाइब्रेरी में उपस्थित सभी छात्रों एवं अध्यापकों ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों ने नाटक, भाषण और नृत्य के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के महत्व तथा विद्यार्थियों के जीवन में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। लाइब्रेरी निर्देशिका नेहा दिवाकर ने कहा कि शिक्षक दिवस हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, सही और गलत में अंतर समझने तथा एक बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा भी देते हैं। शिक्षक समाज का असली निर्माता होता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अध्यापक रजनीश कुमार शर्मा, बंटू, मुरारी मोहन सक्सेना, राहुल सहित अन्य अध्यापक एवं छात्र मौजूद रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया और सभी ने शिक्षक दिवस को यादगार बनाने में सहभागिता की।