बदायूं। शिक्षक दिवस के अवसर पर भी जनपद के प्राथमिक शिक्षक वेतन से वंचित रहे। शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिक शिक्षकों का वेतन प्रत्येक माह 31 जुलाई तक आहरित हो जाना चाहिए था, लेकिन वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) बदायूं की कार्यप्रणाली के चलते इस बार भी शिक्षकों को समय से वेतन नहीं मिल सका। इससे शिक्षकों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश, जनपद बदायूं के प्रतिनिधिमंडल ने 24 अगस्त और दो सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) से वार्ता की थी। प्रतिनिधिमंडल को वेतन समय से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद शिक्षक दिवस पर भी वेतन खाते में न पहुंचने से संगठन के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई। मामले को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में वित्त एवं लेखाधिकारी मुनीष कुमार श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली को लेकर रोष व्यक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों को समय से वेतन मिलना उनका अधिकार है और इसमें अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि अगले माह भी वेतन आहरण में इसी प्रकार की लापरवाही दोहराई गई तो संगठन द्वारा अगले माह की दो तारीख को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने विभागीय अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।