बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने फर्जी फर्म के जरिए बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) पास-ऑन कर GST विभाग को करीब ₹87.04 लाख की राजस्व क्षति पहुंचाने के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, राज्य कर अधिकारी सुनील कुमार ने 1 मार्च को थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि पी.एस. ट्रेडर्स नाम की फर्जी फर्म बनाकर गलत पते पर व्यापार स्थल दिखाया गया और बिना वास्तविक माल की आपूर्ति किए फर्जी बिल जारी कर बोगस ITC पास-ऑन किया गया। इस फर्जीवाड़े से GST विभाग को ₹87,04,603.44 की राजस्व हानि हुई।एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घारमपुर चौराहा, थाना फरीदपुर क्षेत्र से वांछित अभियुक्त पुष्पेंद्र (28) निवासी चौडेरा रमपुरा रतन, थाना फरीदपुर और ओम सिंह उर्फ पिंटू (33) निवासी जवेदा-जवेदी, थाना क्योलड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि परिवार की जीविका चलाने के लिए उन्होंने यह फर्जीवाड़ा किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, एसआईटी-जीएसटी के सहायक विवेचक उपनिरीक्षक शुभम कुमार, कांस्टेबल सचिन, अमित यादव और विनय कुमार शामिल रहे।