नाथ कॉरिडोर से बरेली को मिलेगी नई भव्यता और दिव्यता, गांधी उद्यान के सामने बनेगा ‘गौतम बुद्ध चौक’
बरेली। नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण, बेहतर यातायात व्यवस्था और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा विभिन्न प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य शहर के विकास को गति देने के साथ नाथ नगरी की भव्यता और दिव्यता को एक समग्र स्वरूप प्रदान करना है।इसी क्रम में महात्मा गांधी उद्यान के सामने स्थित गौतम बुद्ध पार्क के निकट चौराहे के पुनर्विकास का प्रस्ताव तैयार किया गया है। चौराहे का समग्र पुनर्निर्माण करते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और आवागमन को सुगम बनाया जाएगा। साथ ही यहां भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित कर चौराहे को ‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।महात्मा गांधी उद्यान परिसर में नाथ नगरी की आभा, सांस्कृतिक विरासत और नाथ कॉरिडोर की थीम को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक फोकस वॉल भी विकसित की जाएगी, जो इस क्षेत्र को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।गौतम बुद्ध पार्क समिति ने किया स्वागतप्रस्तावित योजना के संबंध में गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आज बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पाण्डेय से मुलाकात कर योजना पर चर्चा की। समिति ने चौराहे के विकास, भगवान बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना और ‘गौतम बुद्ध चौक’ नामकरण के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे बौद्ध समाज की भावनाओं के अनुरूप सकारात्मक पहल बताया।समिति की ओर से पार्क के आगामी विकास के लिए स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने तथा गौतम बुद्ध मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने के सुझाव भी दिए गए। समिति के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित योजना पर पूर्ण सहमति व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप विकसित हो रही नाथ नगरीबरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पाण्डेय, आईएएस ने कहा,
“नाथ कॉरिडोर बरेली की पहचान, आस्था, संस्कृति और विरासत को नई भव्यता और दिव्यता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। माननीय मुख्यमंत्री जी के विजन के अनुरूप हमारा प्रयास है कि बरेली का विकास समग्र रूप से हो और इसका लाभ शहर के प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। इसी सोच के साथ यातायात, सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन सुविधाओं को एक साथ विकसित किया जा रहा है।”उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध चौक का प्रस्ताव इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। भगवान बुद्ध की प्रतिमा, चौराहे का सुव्यवस्थित विकास और गांधी उद्यान में प्रस्तावित फोकस वॉल मिलकर इस क्षेत्र को नाथ कॉरिडोर की भव्यता और दिव्यता के अनुरूप एक विशिष्ट स्वरूप प्रदान करेंगे। समिति द्वारा दिए गए सुझावों को भी विकास की प्रक्रिया में उचित स्थान दिया जाएगा।नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत ये विकास कार्य आयुक्त बरेली श्री शंभू कुमार के संरक्षण एवं दिशा-निर्देशन में आगे बढ़ाए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख स्थलों को यातायात, सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन सुविधाओं से जोड़ते हुए एक व्यापक विकास दृष्टिकोण पर कार्य किया जा रहा है।बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित विकास योजना की सराहना करते हुए इसे स्वागत योग्य पहल बताया और योजना पर अपनी सहमति व्यक्त की।
















































































