बरेली। राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजि.) भारत द्वारा सुभाष नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व परंपरागत तरीके से श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बालकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गईं तथा भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का महत्व बताते हुए कहा कि बालकृष्ण ने अपनी दिव्यता को छिपाकर एक सामान्य बालक की तरह अनेक लीलाएं कीं। उन्होंने पूतना वध, माखन चोरी, मटकी फोड़ने और माता यशोदा को ब्रह्मांड दर्शन कराने जैसी लीलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण प्रेम, करुणा और धर्म के प्रतीक हैं। राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्म-मरण के बंधनों से मुक्ति का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कालिया नाग मर्दन, यमलार्जुन उद्धार और अन्य दिव्य लीलाओं का उल्लेख करते हुए भक्तों को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने व्रत, पूजा, भजन-कीर्तन और आरती में भाग लेकर भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, राकेश मौर्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दामोदर सिंह, संरक्षक भारतेंद्र सिंह, जे.आर. गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष आर्यन्द प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह, कंचन सिंह सहित संस्थान के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।