बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में जनपद में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी दशा में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब की बिक्री न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि ओवररेटिंग पाए जाने पर संबंधित विक्रेता एवं दुकान संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने सभी आबकारी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में भ्रमण करने तथा प्रवर्तन अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकस्मिक निरीक्षण बढ़ाकर जनसामान्य की शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे ओवररेटिंग की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके। बैठक के दौरान आमजन की सुविधा हेतु टोल फ्री शिकायत नंबर 0581-2422202 जारी किया गया। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायत दर्ज करा सकता है। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सहित आबकारी विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।