बरेली। थाना किला पुलिस ने अधोमानक एवं शीशा , कांच मिश्रित मिलावटी मांझा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 चरखी मिलावटी मांझा, सफेद व काला पाउडर तथा शीशा, कांच लेपित घोल बरामद किया है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर थाना किला क्षेत्र के स्वालेनगर, बाकरगंज और रामपुर रोड स्थित अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद नवाब, मोहम्मद कासिम खान, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद रशीद, सलीम, जाहिद, दिलशाद, मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी-छिपे शीशा , कांच लेपित घोल और अन्य रासायनिक पाउडर मिलाकर खतरनाक मांझा तैयार करते थे और उसे बेचकर आजीविका चलाते थे। पुलिस ने तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। बरामद सामग्री को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। बरेली पुलिस ने कहा कि शीशा और कांच मिश्रित मांझा आमजन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक है। ऐसे मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।