बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने क्षेत्र में हुई पांच चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बैटरियां, एक इन्वर्टर, एक गैस सिलेंडर, एक मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने लगातार गश्त, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की निगरानी के आधार पर शुक्रवार को दोपहर करीब 12:30 बजे भूड़ा क्रॉसिंग के पास तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने भोजीपुरा क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूरन लाल निवासी मूड़ा, चंद्रपाल साहू निवासी भूड़ा और अजय निवासी करमपुर चौधरी (इज्जतनगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों दिन में गांव-गांव फेरी लगाने के बहाने घरों की रेकी करते थे और रात में सूने मकानों व सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने करमपुर ठाकुरान, मोहम्मदपुर ठाकुरान स्थित कंपोजिट विद्यालय, एल्डिको सिटी दोहना, मुड़िया चेतराम तथा जल्ला लाडपुर स्थित सरकारी गोदाम में चोरी की वारदातें कबूल की हैं। इन घटनाओं के संबंध में भोजीपुरा थाने में पहले से पांच मुकदमे दर्ज थे। साक्ष्यों के आधार पर दो मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।