बदायूं। मजिया रोड स्थित रेगालिया गार्डन कॉलोनी के दिल्ली चैंप्स स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, फूलों और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। उत्सव के दौरान विद्यालय में विशेष रूप से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह और रोमांच देखने को मिला। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को याद करते हुए जन्माष्टमी पर्व का आनंद उठाया। कार्यक्रम में दो नन्हे बच्चे राधा-कृष्ण के मनमोहक वेश में विद्यालय पहुंचे। उनकी सुंदर वेशभूषा और आकर्षक अंदाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और उन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों से परिचित कराना है। साथ ही बच्चों में प्रेम, सहयोग, भाईचारे और संस्कारों की भावना विकसित करना भी ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कार्यक्रम का समापन “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयघोष के साथ हुआ। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव, भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।