बरेली। नवाबगंज स्थित ओसवाल शुगर मिल के गन्ना किसानों के करीब दो वर्ष से बकाया भुगतान को लेकर सामाजिक संस्था पैनी नजर के नेतृत्व में किसानों ने नवाबगंज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संस्था की अध्यक्ष ने प्रशासन से बकाया भुगतान की प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति से किसानों को अवगत कराने की मांग की। प्रशासन ने किसानों और संस्था पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि गन्ना भुगतान के मामले में प्रशासन गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि मिल की संपत्ति का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और रिपोर्ट के आधार पर आगे नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन के अनुसार सितंबर माह में नीलामी होने की संभावना है और नीलामी सफल होने पर किसानों के खातों में बकाया भुगतान किया जा सकेगा।संस्था अध्यक्ष ने कहा कि यदि नीलामी प्रक्रिया में बार-बार बाधा डालकर किसानों का भुगतान रोकने की कोशिश की गई तो किसान जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न करने की मांग करते हुए कहा कि किसानों का दो वर्ष का बकाया अब लगभग तीन वर्ष पुराना हो चुका है और उनका धैर्य अब जवाब दे रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था के कोषाध्यक्ष वहीद अहमद सहित रामरतन गंगवार, खेमकरण गंगवार, ब्रह्मानंद गंगवार, हेमेंद्र गंगवार, चेतराम गंगवार, प्रेमपाल गंगवार, सोमप्रकाश गंगवार समेत विभिन्न गांवों से आए किसान और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।