बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लंबित राजस्व वादों की गहन समीक्षा की। समीक्षा में जिले की पांचों तहसीलों में कुल 12,768 राजस्व वाद लंबित पाए गए। तहसील बदायूं में 3,649, बिसौली में 2,982, दातागंज में 2,506, बिल्सी में 1,863 तथा सहसवान में 1,768 वाद लंबित हैं। बड़ी संख्या में मामले लंबित मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इनके निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि जिले में एक वर्ष से अधिक और तीन वर्ष से कम अवधि के 2,077 वाद लंबित हैं। वहीं तीन वर्ष से अधिक पुराने 248 तथा पांच वर्ष से अधिक पुराने 111 मामले लंबित हैं। उन्होंने विशेष रूप से पांच वर्ष से अधिक पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर लंबित वादों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आगामी समीक्षा बैठक में की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व संहिता की धारा 116, 24 एवं 34 के अंतर्गत लंबित मामलों की भी समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित सभी एसडीएम और तहसीलदार मौजूद रहे।