फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में मंगलवार सुबह भिटौरा पुलिया के पास स्थित हार्डवेयर और परचून की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। दुकान मालिक आकाश गुप्ता और डिम्पल गुप्ता के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि दुकान का अधिकांश सामान नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड टीम प्रभारी के.के. बंसल ने बताया कि काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार और चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल टीम ने स्थिति को संभाला। आग बुझने के बाद दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।