बरेली। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल की मंडलीय युवा इकाई के शुभम अग्रवाल , समित अग्रवाल और मयंक अग्रवाल ने प्रशासन से चौपला पुल, श्यामगंज पुल और महादेव पुल सहित कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर चाइनीज मांझे और पतंग उड़ाने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि सावन के दौरान हजारों कांवड़िए बरेली से होकर गुजरते हैं। पिछले वर्षों में चाइनीज मांझे से कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें राहगीरों और श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। ऐसे में पुलों और संवेदनशील स्थानों पर चाइनीज मांझा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।व्यापार मंडल ने मांग की है कि कांवड़ मार्ग के सभी प्रमुख पुलों पर चाइनीज मांझे और पतंग उड़ाने पर प्रभावी प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही पुलिस व प्रशासन की विशेष निगरानी, नियमित गश्त और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा आमजन से कांवड़ यात्रा के दौरान चाइनीज मांझे और पतंग का प्रयोग न करने की अपील की है । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की तरफ से सावन में बरेली से कछला तक कावड़ियों की सुविधा के लिए एक एंबुलेंस चलाई जाएगी जिसमें डॉक्टर के साथ टीम और सभी तरह की दवाइयां होंगी जिससे घटना होने पर तुरंत उपचार मिल सके ।