बरेली। पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण परिवारों को पोषण सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से भोजीपुरा ब्लॉक प्रमुख एवं ब्लॉक प्रमुख संघ अध्यक्ष योगेश पटेल ने शुक्रवार को भोजीपुरा विधानसभा के ग्राम बिलवा और अटकायस्थान से वृहद फलदार पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत क्षेत्र के 5,000 परिवारों को आम, अमरूद, नींबू, अनार और पपीता सहित विभिन्न फलदार पौधे नि:शुल्क वितरित कर उनके घरों और खेतों में रोपित किए जाएंगे। योगेश पटेल ने कहा कि फलदार वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ परिवारों को पौष्टिक फल उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य हर घर में हरियाली और पोषण सुनिश्चित करना है, ताकि आने वाले वर्षों में क्षेत्र हरित और समृद्ध बन सकेअभियान के तहत केवल पौधों का वितरण ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। इसमें ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।कार्यक्रम में डॉ. रजनीश सक्सेना, सनी ठाकुर, नंद किशोर पटेल, नरेंद्र पटेल, रामबाबू सागर, गोपाल मिश्रा, टीपू यादव, मुकेश, बसंत सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सनी ठाकुर, हिमांशु बतरा और रामबाबू सागर ने किया, जबकि संयोजन डॉ. रजनीश सक्सेना ने किया।