बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने ग्राम कजरौटा में नामकरण समारोह के दौरान हुई फायरिंग के मामले में वांछित दूसरे आरोपी विक्रम (25) पुत्र हरद्वारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को शेखर की बेटी के नामकरण समारोह में गांव के चमन और विक्रम बिना निमंत्रण पहुंचे और दावत में न बुलाने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि दोनों ने पहले हवाई फायरिंग की और विरोध होने पर शेखर पर गोली चला दी, जो उसके बाएं पैर में लगी। घायल को तत्काल सीएचसी फरीदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई। घटना के बाद दर्ज मुकदमे में पुलिस पहले ही आरोपी चमन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। 31 जुलाई की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विक्रम को उचसिया से हाईवे की ओर जाते समय दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था और उसी वजह से फायरिंग कर दी, जिस पर उसे अपनी गलती का एहसास है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।