श्रीराम शर्मा आचार्य की प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति से विश्व में फैल रही आध्यात्मिक चेतना, बदायूं में भव्य ज्योति कलश रथ यात्रा का स्वागत
बदायूं। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में निकली 100 वर्षों से प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति तथा 2400 पवित्र तीर्थों के जल एवं रज से सुशोभित ज्योति कलश रथ यात्रा का आज बदायूं शहर में अभूतपूर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का अभिनंदन किया, जबकि “हम बदलेंगे—युग बदलेगा, हम सुधरेंगे—युग सुधरेगा” के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।प्राचीन बिरुआबाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार से प्रारंभ हुई रथ यात्रा को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष फात्मा रजा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युग ऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति केवल एक दीप नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और युग परिवर्तन का दिव्य प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री द्वारा रचित 3200 से अधिक ग्रंथ समाज में सदाचार, संस्कार, वैज्ञानिक अध्यात्म और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों का संदेश देकर करोड़ों लोगों के जीवन को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उनके विचार आज भी प्रत्येक व्यक्ति के लिए संजीवनी के समान हैं।
रथ यात्रा के शुभारंभ से पूर्व पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा, स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना, जोन समन्वयक अशोक सिंह, उपजोन समन्वयक अजयवीर सिंह यादव तथा पर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल ने अखंड ज्योति एवं ज्योति कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया। मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुरेंद्र नाथ शर्मा एवं जिला समन्वयक नरेंद्रपाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन संपन्न कराया।कार्यक्रम के दौरान शंखध्वनि, घंटे-घड़ियाल और वैदिक मंत्रों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। डीपी सिंह ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं चरित्र निर्माण का प्रेरक संदेश दिया। वहीं शिवंवदा सिंह, सीमा गुप्ता और रजनी मिश्रा ने प्रज्ञा गीतों की मधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
वरिष्ठ ट्रस्टी सुखपाल शर्मा, नत्थूलाल शर्मा तथा रथ चालक राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यात्रा आगे बढ़ी। यह यात्रा प्राचीन बिरुआबाड़ी मंदिर से टिकटगंज, लाल बहादुर शास्त्री चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौक, मथुरिया गेट और लालपुल होते हुए गायत्री शक्तिपीठ पहुंची।यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। वीरेंद्र धींगड़ा, पंकज रस्तोगी, वीरेंद्र प्रकाश रस्तोगी, प्रदीप कुमार, राकेश गुप्ता, सुमन ढींगरा और हिमांशु गुप्ता सहित अनेक लोगों ने अखंड ज्योति एवं ज्योति कलश का पूजन कर विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. सोहनपाल, गेंदन लाल, पुत्तू लाल, सुमित कुकरेती, लेखराज जायसवाल, सुमन, माया सक्सेना, सुशील पटेल, संजय साहू, सत्यदेव साहू, अंकित सुरेश, शोभना, रितु कश्यप, सचिन पाल सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के परिजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।















































































