गुरु पूर्णिमा पर विद्यार्थियों ने लिया गुरु वंदना और संस्कारों का संकल्प
बदायूँ। श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को गुरु के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि गुरु ही जीवन को सही दिशा देने वाले, ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाले तथा सत्य एवं सफलता के मार्ग पर अग्रसर करने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्री डी. के. चड्डा, विद्यालय अध्यक्ष श्रीमती सुषमा कथूरिया, प्रधानाचार्या श्रीमती दिव्या शर्मा एवं समस्त अध्यापिकाओं ने श्रद्धापूर्वक पूज्य मुनि महाराज श्री हर मिलापी जी का पूजन एवं माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पूज्य श्री हर मिलापी जी महाराज के आदर्शों एवं संस्कारों का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बताया गया कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय कार्य करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यालय परिवार ने कहा कि गुरु अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित करते हैं। उनके मार्गदर्शन, आशीर्वाद एवं प्रेरणा से ही जीवन को सही दिशा और सफलता प्राप्त होती है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, संस्कार, गुरु-भक्ति और नैतिक मूल्यों का प्रेरणादायी संदेश लेकर आया। विद्यालय परिवार ने सभी को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए गुरुजनों के प्रति सम्मान और श्रद्धा बनाए रखने का संदेश दिया।