गुरु वंदन, पुष्प अर्पण और प्रेरक संदेश के साथ विद्यालय में सादगीपूर्ण एवं उल्लासमय वातावरण में संपन्न हुआ कार्यक्रम
बदायूं। वी किड्ज़ स्कूल में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में सभी विद्यार्थियों ने गुरुजनों का सम्मान करते हुए पूजा-अर्चना की तथा उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं प्रधानाचार्या सौम्या गुप्ता को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों के स्नेह और सम्मान से अभिभूत प्रधानाचार्या ने सभी बच्चों को टॉफियां वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या सौम्या गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु हमारे जीवन के सच्चे पथप्रदर्शक होते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही व्यक्ति ज्ञान, संस्कार और सफलता की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सदैव अपने गुरुजनों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर श्रद्धा, अनुशासन और उल्लास के वातावरण से सराबोर रहा। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन प्रेरणादायक, सफल एवं अविस्मरणीय बन गया।