बरेली। बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने तीन प्रमुख मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने मांग की कि बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाए। साथ ही कॉलेज में कार्यरत अस्थाई कर्मचारियों का विनियमितीकरण अथवा रिक्त पदों पर समायोजन किया जाए। इसके अलावा कार्यालय उपश्रमायुक्त, बरेली मंडल के सहायक श्रमायुक्त बाल गोविंद द्वारा 17 जुलाई को जारी पत्रांक 5332/33/R2026 के आदेश का शीघ्र अनुपालन कराने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि इन तीनों मांगों का समाधान 10 अगस्त तक नहीं किया गया, तो अस्थाई कर्मचारी 14 अगस्त से भूख हड़ताल शुरू करने के लिए विवश होंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार तथा बरेली कॉलेज प्रबंध समिति की होगी। ज्ञापन के दौरान जितेंद्र मिश्रा , हरीश चंद्र मौर्य आदि मौजूद थे।