पीछे की दीवार काटकर घर में घुसे चोर, मंगलसूत्र, कुंडल और ₹30 हजार नकद ले उड़े
बदायूँ। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदगंज में बुधवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों की नहीं, बल्कि परिवार की मेहनत की जमा-पूंजी पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान के पीछे की दीवार काटकर घर के अंदर घुस गए और परिवार के लोगों के सोते रहने के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित रामोती ने बताया कि रात में पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान चोर पीछे की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और घर में रखे सोने के जेवरों में एक मंगलसूत्र, कानों के कुंडल तथा करीब ₹30,000 की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह करीब चार बजे परिवार के लोगों की आंख खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और चोरी का पता चलते ही उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज पुलिस चौकी प्रभारी मोहित नैन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। चोरी की इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।