बदायूँ। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति की जिला संयोजिका डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने बताया कि 26 जुलाई को आगरा में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की प्रांतीय बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी रही। बैठक में संगठन के विस्तार, कार्ययोजना तथा समाज के विभिन्न वर्गों में संगठन की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की अनेक बहनों को संगठन के विभिन्न दायित्वों पर नवीन नियुक्तियाँ प्रदान की गईं। नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। मंचासीन वरिष्ठजनों एवं बौद्धिक वक्ताओं के प्रेरक उद्बोधनों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना का संचार किया।डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, सेवा भाव एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक सशक्त होगा। साथ ही उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई गति प्रदान करें।