बरेली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में शामिल होकर लौट रहे बरेली के दो छात्रों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि फरीदपुर के मोहल्ला महाजन निवासी छात्र आयुष रंजन और राहुल पाल को रास्ते में हिंदू संगठन के नेता सत्यम पंडित ने रोककर बदसलूकी की और थप्पड़ मारे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं ने दोनों छात्रों के घर पहुंचकर उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और समर्थन जताया।इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता इंजीनियर अनीस अहमद ने कहा कि छात्रों के साथ हुआ कथित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक भाजपा नेता द्वारा छात्रों के साथ अभद्रता की गई, जिसकी निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि लोकतंत्र में सभी नागरिकों को अपनी मांगें शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता।सपा नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस घटना को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है।