बरेली । लगातार हो रही बारिश का असर अब रसोई के बजट पर साफ दिखाई देने लगा है। क्षेत्र की मंडियों और बाजारों में हरी सब्जियों के दाम 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि हरा धनिया 400 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इससे आम लोगों, खासकर गृहिणियों की परेशानी बढ़ गई है।बीते सप्ताह 20 रुपये किलो बिकने वाली तुरई अब 30 से 50 रुपये किलो हो गई है। वहीं भिंडी, खीरा, लौकी, केला और टमाटर भी 30 से 40 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहे हैं। सबसे अधिक महंगाई धनिया और पत्तेदार सब्जियों में देखने को मिल रही है।स्थानीय निवासी कंचन सिंह, दीपा शर्मा, सावित्री देवी और करूणा शर्मा ने बताया कि पहले जहां एक किलो सब्जी खरीदी जाती थी, अब महंगाई के कारण आधा किलो लेकर ही काम चलाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बारिश से फसल प्रभावित होने और मंडियों तक सब्जियों की आपूर्ति बाधित होने से कीमतों में तेजी आई है।व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष अग्रवाल और समाजसेवी जगत सिंह उर्फ सनी ने कहा कि मौसम सामान्य होने और नई फसल आने तक कीमतों में राहत मिलने की संभावना कम है। उन्होंने प्रशासन से मंडियों में निगरानी बढ़ाने और कालाबाजारी तथा मनमाने दामों पर रोक लगाने की मांग की है।