बदायूँ। जनपद के लिए शनिवार का दिन खेल जगत में गौरव और सम्मान लेकर आया, जब दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बदायूँ की कक्षा 11 की प्रतिभाशाली छात्रा पलक पटेल ने सीबीएसई क्लस्टर शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही पलक ने सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालिफाई कर लिया है।पलक पटेल की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल दिल्ली पब्लिक स्कूल बदायूँ बल्कि पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस उपलब्धि को बदायूँ के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि दिल्ली पब्लिक स्कूल बदायूँ में पिछले कई वर्षों से विद्यार्थियों को अत्याधुनिक प्रोफेशनल शूटिंग रेंज में रायफल एवं पिस्टल शूटिंग का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी और प्रतिस्पर्धात्मक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। विद्यालय की इसी खेल नीति और सतत अभ्यास का परिणाम है कि छात्रा पलक पटेल ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। अब वह आगामी सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधन समिति, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पलक पटेल को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय की खेल सुविधाओं और प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि डीपीएस बदायूँ विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।