बरेली। छावनी परिषद, बरेली के रवीन्द्र नाथ टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को भारत के महान साहित्यकार एवं नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब का भी उद्घाटन हुआ।प्रतिमा का अनावरण शोभा गुप्ता महानिदेशक रक्षा संपदा नई दिल्ली तथा भावना सिंह प्रधान निदेशक रक्षा संपदा मध्य कमान लखनऊ ने किया। एस्ट्रोनॉमी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की आधुनिक एवं व्यवहारिक शिक्षा मिलेगी, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोनों अधिकारियों ने डॉ. तनु जैन, मुख्य अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद बरेली द्वारा शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल नवाचार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद बरेली के नवाचार अन्य छावनियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर रक्षा संपदा, मध्य कमान के निदेशक पुष्पेन्द्र एवं महेश चन्द्र सैनी, छावनी परिषद के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल, विद्यालय परिवार, परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और राष्ट्र निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर बल देने के साथ हुआ।