बरेली। रिठौरा स्थित राजश्री इंस्टीट्यूट में 13 जुलाई से आयोजित 21वीं वाहिनी एनसीसी का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर बुधवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह की पूर्व संध्या पर कैडेटों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर गीत, संगीत और नृत्य से सभी का मन मोह लिया। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को स्मृति चिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया गया। बरेली कॉलेज की कैडेट शुभा रानी और कैडेट सुधीर को बेस्ट कैडेट चुना गया। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंडर ऑफिसर गौरी कुमारी, कैडेट मोहित कुमार, प्रगति राज, रिद्धि वर्मा, हेमलता और सुमित अहूजा सहित अन्य कैडेटों को पुरस्कृत किया गया।कैंप कमांडेंट कर्नल होशियार सिंह ने समापन संबोधन में कहा कि सच्ची लगन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कैडेटों को एकता, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। दस दिवसीय शिविर में कैडेटों को ड्रिल, फायरिंग, ड्रोन प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, बाधा दौड़, आपदा प्रबंधन, योग, प्राथमिक उपचार, खेलकूद और नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें सेना की कार्यशैली और अनुशासित जीवन का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया।समापन समारोह में डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल संजय नायर, राजश्री इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. साकेत अग्रवाल, डॉ. अंचल अहेरी सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।