बरेली। पीस कमेटी ऑफ इंडिया ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक लावारिस शव का पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सुपुर्द-ए-खाक कराया। सैटेलाइट चौकी पुलिस से सूचना मिलने पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली। समिति के सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी डॉ. शहाबुद्दीन ने स्वयं शव को नहलाकर कफन पहनाया। इसके बाद शव को कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां जनाजे की नमाज अदा करने के बाद पूरे सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस मानवीय कार्य में बाबू कुरैशी, नासिर अली और अली हसन ने भी सक्रिय सहयोग दिया। पूरी प्रक्रिया सैटेलाइट चौकी, थाना बारादरी के हेड कांस्टेबल अजीत सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराना समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पीस कमेटी ऑफ इंडिया भविष्य में भी ऐसे मानवीय और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।