बदायूं में विश्व हिंदू परिषद के बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग में गूंजा संस्कारों का संदेश,प्रशिक्षण हुआ
बदायूं। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में एक दिवसीय बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग का आयोजन हरीश चंद्रवंशीय समाज सेवा सदन (रस्तोगी धर्मशाला) में उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों को बाल संस्कार केंद्रों के संचालन, बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास तथा राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना के संवर्धन का प्रशिक्षण दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ कासगंज एवं मथुरा से पधारीं मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। जिला संयोजिका मातृशक्ति डॉ. प्रतिभा गुप्ता (नोटरी अधिवक्ता) एवं सुश्री सुनीता मिश्रा ने मंचासीन कृष्णा दीदी, शिवानी दीदी, विश्व हिंदू परिषद की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती महेशा सिंह तथा विभाग संयोजिका श्रीमती किरण का तिलक लगाकर, अंगवस्त्र (पटका) ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
मुख्य वक्ता कृष्णा दीदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि बच्चों को बचपन से ही श्रेष्ठ संस्कार देना प्रत्येक परिवार का प्रथम दायित्व है। संस्कारित बालक ही भविष्य में सशक्त समाज, सुदृढ़ संस्कृति और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने मातृशक्ति से बच्चों के चरित्र निर्माण एवं नैतिक शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।वहीं शिवानी दीदी ने बच्चों और माताओं को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि बच्चे अध्ययन सामग्री पुस्तकों के माध्यम से खोजेंगे तो उनका ज्ञान अधिक व्यापक होगा। साथ ही परिवार के सदस्यों के बीच संवाद बढ़ेगा, जिससे संस्कारों का विकास स्वाभाविक रूप से होगा।विश्व हिंदू परिषद की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती महेशा सिंह ने ज्ञानवर्धक कहानियों एवं खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। विभाग संयोजिका श्रीमती किरण ने विभिन्न प्रेरक एवं मनोरंजक खेलों का संचालन कर प्रतिभागियों को बाल संस्कार केंद्रों के व्यावहारिक संचालन की जानकारी दी।अभ्यास वर्ग में 30 मातृशक्ति एवं 20 दुर्गा वाहिनी की बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान पूर्णिमा सक्सेना, राजकुमारी गुप्ता, रेनू गुप्ता, एकता सक्सेना, सुमनलता गुप्ता, अंजू त्रिपाठी, पूनम वैश्य, शीतेष गुप्ता, प्रिया सोलंकी, नीलू, सुषमा, वीनू सहित बड़ी संख्या में बहनें उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला सह मंत्री राजेश बाबू, जिला उपाध्यक्ष डी.एन. शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं सह सेवा प्रमुख राजेश सपड़ा द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गईं।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री सुनीता मिश्रा एवं श्रीमती श्रद्धा मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी ने सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। जिला संयोजिका डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित बहनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “जय श्रीराम” एवं “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।















































































