बदायूं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अधिकरण ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में लाभ प्राप्त करने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक आवेदक दिनांक 31 जुलाई, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालन कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, उत्तर प्रदेश में मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना के लिए आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए पृथक-पृथक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजनाओं से संबंधित परियोजना का विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख तथा अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://fisheries.up.gov.in पर उपलब्ध है। यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है तो संशोधित प्रावधान ही लागू होंगे।योजनाओं के संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में विकास भवन, बदायूं के कक्ष संख्या-325 स्थित मत्स्य पालक विकास अधिकरण कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।