बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रविवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा की गई फायरिंग में एक पुलिस सिपाही गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी और सिपाही दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र में 18 जुलाई को 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। मामले में आरोपी परवेज के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट तथा अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।रविवार को आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस टीम का सामना परवेज से हो गया। पुलिस का दावा है कि घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया।आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने घायल आरोपी को अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि घायल सिपाही का भी उपचार जारी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है।