बरेली। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिला महिला चिकित्सालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ फल वितरित किए गए।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान वर्ष 2016 में शुरू किया गया था। अभियान के तहत प्रत्येक माह गर्भवती महिलाओं की सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क जांच, परामर्श और दवाइयों की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना है।जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित गर्भावस्था, पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टी. प्रसाद सहित महिला चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए नियमित जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया।